हैवलॉक द्वीप (Havelock Island) अंडमान निकोबार द्वीप समूह के सबसे बड़े और सबसे लोकप्रिय द्वीपों में शुमार है। जो लोग अंडमान निकोबार की यात्रा पर जाते हैं इस जगह पर जरूर आते हैं। हैवलॉक का मूल प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण अपने यहां आने वाले सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। देखा जाये तो यह द्वीप श्यामनगर, विजयनगर, राधानगर, कृष्ण नगर और गोविंदनगर सहित पांच खूबसूरत गांवो का एक संग्रह है और इन गांवों से लगे समुद्री किनारों को उन्हीं के नाम पर जाना जाता है। पिछले ब्लॉग में मैंने हैवलॉक आइलैंड के बारे में काफी कुछ बताया था। इस ब्लॉग में आप सबको मैं वहां के कुछ समुद्री तटों के बारे में बताने वाला हूं जिनके बारे में जानकार आपको अच्छा लगेगा।
राधानगर बीच : अंडमान द्वीप का सबसे प्रसिद्ध समुंद्री तट
हैवलॉक द्वीप (Havelock Island) के दक्षिण तट पर स्थित राधानगर बीच अंडमान का सबसे प्रसिद्ध समुंद्री तट है। यह राजधानी पोर्ट ब्लेयर से लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है जहां जाने के लिए आपको सड़क और फेरी का सहारा लेना पड़ता है। राधानगर बीच को एशिया का सबसे अच्छा समुंद्र तट होने का दर्जा प्राप्त है। टाइम मैगजीन द्वारा दुनिया के शीर्ष 10 समुंद्री तटों के बीच दर्जा दिया गया है।
राधानगर समुद्र तट को 2020 में प्रतिष्ठित ब्लू फ्लैग का प्रमाण पत्र भी मिला। ब्लू फ्लैग बीच इको-टूरिज्म मॉडल का एक ऐसा मॉडल है जो पर्यटकों को समुद्र तट पर साफ और स्वच्छ नहाने योग्य पानी, अच्छी सुविधाएं, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए दिया जाता है।
इस जगह पर सबसे ज्यादा यात्री आते हैं। यह तट अपने विशाल फैलाव और लंबे सफेद रेतीले समुद्र तट के लिए प्रसिद्ध है। एक अनुमान के मुताबिक इसका फैलाव दो किमी की लम्बाई और तीस-चालीस मीटर की चौड़ाई में है। इस जगह पर प्राकृतिक सुंदरता प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। यह अपने नीले रंग का पानी, प्राकृतिक सुंदरता और तैराकी के लिए जाना जाता है।
ऐलिफेंटा बीच : हैवलॉक का सबसे सबसे निर्जन समुद्र तट
ऐलिफेंटा बीच राजधानी पोर्ट ब्लेयर से पैसठ और हैवलॉक फैरी घाट से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐलिफेंटा समुंद्र तट हैवलॉक द्वीप (Havelock Island) का सबसे निर्जन समुद्र तट है। इस जगह पर पहुंचने के लिए आपको फेरी लेनी होती है। पर आप चाहें तो ट्रेकिंग करके भी पहुंच सकते हैं। ट्रेकिंग रुट तक़रीबन डेढ़ से दो किमी का है और हरे भरे जंगलों से होकर गुजरता है।
इस बीच पर पानी घटता-बढ़ता रहता है इसलिए समुद्र में उतरने से पहले अच्छी तरह से जानकारी प्राप्त कर लें। इस जगह पर आकर हरे भरे जंगलों से आच्छदित बीच पर घूमना और अपने साथ वक्त बिताना अच्छा लगेगा।
इस तट पर समुद्री खेलों से जुड़ी तरह-तरह की गतिविधियां होती रहती हैं। इस जगह पर आकर आप साहसिक खेलों का भरपूर आनंद ले सकते हैं। यह स्नोकर्लिंग के लिए एक आदर्श स्थान है। इस जगह पर स्कूबा डाइविंग, सी वॉक का आनंद लिया जा सकता है। इस जगह पर शीशे के फर्श वाली नाव चलती है जिसमें बैठकर आप समुद्री सैर के साथ-साथ समुद्री प्राणियों को देख सकते हैं।
काला पत्थर बीच : रेशमी रेत का एक लंबा खंड
हैवलॉक द्वीप (Havelock Island) के एक कोने पर स्थित काला पत्थर समुद्र तट सफेद रेशमी रेत का एक लंबा खंड है। यह नीले समुंद्र की बगल में बड़ी-बड़ी काली चट्टानों के साथ देखने वालों के लिए एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करता है। यह एक शांत तट है जहां पर लोगों की आवाजाही बहुत कम रहती है परंतु सीजन में आपको यहां घूमने टहलने वालों की अच्छी आमद देखने को मिल सकती है।
इस तट का खूबसूरती के मामले में कोई जवाब नहीं लेकिन ये तैराकी के लिहाज से काफी गहरा है। यह ज्वार प्रभावित नही है पर यहां के पानी के अंदर तैराकी करते हुए विशेष सावधानी की जरुरत होती है। क्योंकि काला पत्थर एक रॉकी बीच है। इसके अंदर छोटे-छोटे पत्थर होते हैं जो नहाते वक़्त पैर से टकराने टकरा सकते हैं।
इस जगह पर आप किताबें पढ़ सकते हैं। समुद्र की शांत हवा को अपने भीतर महसूस कर सकते हैं।
विजयनगर बीच : एक साफ-सुथरा समुद्री तट
हैवलॉक (Havelock Island) के पूर्वी तट पर स्थित विजयनगर बीच, महुआ के पेड़ों से भरा एक साफ-सुथरा समुद्री तट है। इन पेड़ों के तने ज़मीन से कई फुट ऊपर आपस में उलझे रहते हैं। यह बीच तैराकी और समुद्री जीवन को देखने का एक उपयुक्त स्थान है। आप यहां कायकिंग, बर्ड वॉचिंग, ट्रेकिंग और अन्य गतिविधियों का लुत्फ उठा सकते हैं। इस जगह का साफ पानी सैलानियों को काफी पसंद है। इस जगह पर आकर आप फोटोग्राफी कर सकते हैं।
वंडूर बीच : समुद्री उद्यान का प्रवेश द्वार
यह बीच अंडमान और निकोबार के सबसे लोकप्रिय बीचों में गिना जाता है। इसलिए अपनी अंदमान यात्रा के दौरान आप इस जगह पर भी आ सकते हैं। यह तट महात्मा गांधी राष्ट्रीय समुद्री उद्यान का प्रवेश द्वार है जो समुद्री जीवों को देखने के लिहाज से एक आदर्श स्थान है। फोटोग्राफर और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक वंडूर बीच किसी स्वर्ग से कम नहीं। ग्लास-बॉटम नौकायन और स्कूबा डाइविंग के लिए यह एक शानदार स्थल है। प्रेमी जोड़ो के लिए तो यह जगह जन्नत है।
दोस्तों, आशा करता हूं कि यह लेख आप लोगों को पसंद आया होगा। मेरी कोशिश अगर आपको अच्छी लग रही है तो हमारे फेसबुक पेज को लाइक और इंस्टाग्राम पर भी फॉलो करें।
हमसे संपर्क करें : अगर आप कोई सूचना, लेख, ऑडियो-वीडियो या सुझाव हम तक पहुंचाना चाहते हैं तो इस ईमेल आईडी पर भेजें: indiastrolling@gmail.com