Ghosting : अक्सर लोग अपने सबसे बुरे दिनों में किसी और से जुड़ते हैं। ख़ासकर, तब जब वह टूटे होते हैं और उन्हें किसी के सहारे की बहुत ज्यादा जरूरत होती है। वह अपने आपको संभालना चाहते हैं, उन्हें एक कंधे की जरूरत होती है। ऐसे में वह बहुत तेजी से अपने किसी एक दोस्त या फिर करीबी की जिन्दगी में दाखिल होने लगते हैं।
सामने वाले को लगता है कि यह सबकुछ सामान्य है लेकिन यह सामान्य नहीं होता है। यह आपको कई बार उसी ख़राब स्थिति में पहुंचा देता है जिस स्थिति में वह अमुक खुद होता है।
ऐसा हमारी खुदकी जिन्दगी में भी होता है। हम ऐसे रिश्तों में फिर चाहे दोस्ती का हो या प्रेम का, अपना सौ प्रतिशत देते हैं। उस व्यक्ति को अपने जीवन में जगह देते हैं, उसे अपने घर और परिवार तक लाते हैं और एक दिन ऐसा आता है कि वह हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन जाता है।
हम अपनी लाख व्यवस्तताओं के बावजूद उसका फोन लेते हैं, घंटों-घंटों तक बातें करते हैं। वह धीरे-धीरे अपने बुरे दौर से सबसे बाहर निकलने लगता है। फिर एक दिन अचानक आप पाते हैं कि आप फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम पर अनफ्रेंड और अनफॉलो किये जा चुके हैं और वह व्यक्ति आपसे अपने सारे संपर्क तोड़कर आपकी ज़िंदगी से जा चुका है।
आप उस अमुक इंसान से इमोशनली जुड़ चुके होते हैं। इसलिए आपको यह बात हर्ट करती है। आप दुखी होते हैं, ठगा हुआ महसूस करते हैं, आपके साथ क्या हुआ आपको स्थिति समझ में नहीं आती है। लेकिन इसे ही अंग्रेजी में घोस्टिंग (Ghosting) कहते हैं।
सीधी भाषा में कहें तो आप घोस्टिंग के शिकार हो चुके होते हैं। आप अकेले नहीं हैं, आप जैसे हजारों युवा हैं जो हर दिन घोस्टिंग (Ghosting) के शिकार हो रहे हैं। कई इसकी वजह से अवसाद में चले जाते हैं, कई बार आत्महत्या जैसा भी कदम उठा लेते हैं। जबकि किसी का जाना और आना एक तरह से सामान्य बात है।
मेरा कहना है कि प्यार कीजिये पर किसी का शिकार मत बनिये। इसलिए इस बात को समझना बहुत ही जरूरी है कि आखिर घोस्टिंग होती क्या है ? किसी ऐसे इंसान के साथ जिससे आप गहराई से जुड़े हों अचानक बिना स्पष्टीकरण के सारे संपर्क के साधन और अपने व्यक्तिगत संबंध को समाप्त कर लेना घोस्टिंग कहलाती है।
आपको बता दूं कि यह शब्द पहली बार वर्ष 2000 की शुरूआत में सामने आया और दुनिया भर में बढ़ते सोशल मीडिया और डेटिंग एप के प्रचलन से इसे बढ़ावा मिला। घोस्टिंग जैसी घटनाओं पर खुलकर बातचीत तब शुरू हुई जब दुनिया के कई सेलिब्रिटी इसके शिकार हुए। वर्ष 2015 में कोलिन्स इंग्लिश डिक्शनरी में इस शब्द को शामिल किया गया।
घोस्टिंग हालांकि सेक्सुअल और फिजिकल मामलों में ज्यादा होती है, लेकिन केवल अंतरंग संबंध संदर्भों तक सीमित नहीं हैं। यह दोस्तों या परिवार के सदस्यों के बीच भी हो सकता है। कोई भी ऐसा व्यक्ति जिसके आप करीब हों क्या पता कब तक जुड़े और अचानक बिना कुछ कहे और बताए आपकी जिंदगी से चला जाए।
खैर, जाने वाला तो जहां जाना है चला ही जाता है। रिश्ते में सारा दुःख उसके हिस्से में आता है जो अंत में बचा रह जाता है। मेरी सारी की सारी संवेदना बचे हुए लोगों के प्रति हैं। घोस्टिंग जैसी चीज किसी को भी मेंटल ट्रामा की तरफ ले जा सकती है। यह एक तरह की मेन्टल चीटिंग है जिसमें स्त्री-पुरुष दोनों बराबर के भागीदार पाए गए हैं।
आप ठगा हुए महसूस करते हैं और कई बार अवसाद के शिकार भी बन जाते हैं। आपको यह भी लगता है कि आपसे क्या गलती हो गई? जो वह अमुक व्यक्ति इस तरह से छोड़कर चला गया। आप अपने आपको दोषी मानने लगते हैं जबकि इसमें हर बार गलती आपकी नहीं होती है। गलती उसकी होती है जो आपको घोस्ट कर रहा था। कई बार तो गलती दोनों की ही होती है।
आपको जाना है तो जाइये। सोशल मीडिया और डेटिंग एप के इस दौर में रिश्तों की प्रगाढ़ता की बात करें तो कोई भी किसी की जिंदगी में साल-दो से ज्यादा नहीं रहना चाहता। ये जगह इतनी नवीन है कि पुराने रिश्ते बहुत जल्दी उबाऊ और बोझिल लगने लगते हैं।
99% लोग महज महीने-दो महीने में ही बाहर निकल जाते हैं। आप भी उन्हीं 99% लोगों में हैं।
निकलिए लेकिन चोरों की तरह नहीं। जितने दिन, जितने पल भी उस रिश्ते को जिया है उसकी कद्र कीजिये। किसी बात का बुरा लगा हो तो सामने वाले को कम से कम एक बार बताइए और खुद भी स्पष्टवादी बनिये, स्पष्ट रूप से कहकर किसी की जिन्दगी से निकलिए ताकि आप झूठे, मक्कार और धोखेबाज़ ना कहे जाएं।
… और आप उसके लिए आंसू बहा रहे जो झूठा, मक्कार और बुज़दिल था, जो अपने जिये गए प्रेम और रिश्ते की कद्र नहीं कर सका और आपकी जिंदगी से बिना कुछ कहे चला गया।
जिन्दगी और भी है दोस्त, आगे बढ़ो।
दोस्तों, आशा करता हूं कि यह लेख आप लोगों को पसंद आया होगा। मेरी कोशिश अगर आपको अच्छी लग रही है तो हमारे फेसबुक पेज को लाइक और इंस्टाग्राम पर भी फॉलो करें।
हमसे संपर्क करें : अगर आप कोई सूचना, लेख, ऑडियो-वीडियो या सुझाव हम तक पहुंचाना चाहते हैं तो इस ईमेल आईडी पर भेजें: indiastrolling@gmail.com